उ0प्र0 विधानसभा संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्वीकृत लक्ष्यों पर लगातार 48 घण्टे करेगी विचार-विमर्श

>प्रदेश सरकार सस्टेनेबुल डेवलपमेण्ट गोल्स के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है: योगी आदित्यनाथ


>जो सदस्य आज तक नहीं बोले हैं, उन्हें भी सतत् विकास से सम्बन्धित अपने क्षेत्र की समस्याओं के विषय में सदन में विचार प्रस्तुत करने का  मिलेगा अवसर।



उत्तर प्रदेश विधानसभा महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्वीकृत इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट के लक्ष्यों पर लगातार 48 घण्टे विचार-विमर्श करेगी। यह लगातार 48 घण्टे चलने वाला ऐतिहासिक सत्र होगा। इसके मध्य कोई अवकाश नहीं होगा। विधानसभा के इस विशेष सत्र का निर्णय शुक्रवार को विधान सभा अध्यक्ष  हृदय नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में सभी दलों के नेताओं द्वारा सर्वसम्मति से विधान भवन में लिया गया।


विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि, महात्मा गांधी 150वीं जयन्ती के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ के 17 सतत् विकास के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए बुलाया गया सत्र अत्यन्त महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक होगा। ऐसे सत्र का आयोजन प्रदेश में पहली बार हो रहा है इसमें गरीबी, कुपोषण, शिक्षा, पर्यावरण आदि सतत् विकास के कार्यक्रमों पर मंथन करने का अवसर प्राप्त होगा। सतत् विकास के लक्ष्यों को वर्ष 2030 तक पूर्ण करने के लिए समीक्षा हेतु विधान सभा के स्तर पर एक समिति के गठन किये जाने हेतु चर्चा होगी। पटना में सम्पन्न सी0पी0ए0(कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन) की बैठक में इसके पूर्व में इस बिन्दु पर चर्चा हो चुकी है


बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने विषय को विस्तार से रखते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित 'सस्टेनेबुल डेवलपमेण्ट गोल्स' 'समेकित विकास के लक्ष्य' पर भारत समेत 107 देशों ने हस्ताक्षर किए थे उन लक्ष्यों में प्रमुख रूप से गरीबी दूर करना, स्त्री-पुरुष की असमानता को दूर करना, कुपोषण, सबके लिए स्वास्थ्य, सबके लिए ऊर्जा, सबके लिए शिक्षा, पोषण, पेयजल आदि लक्ष्य तय किये गये थे। यह विषय अधिकांश देशों के मुख्य एजेण्डे में है। केन्द्र व प्रदेश सरकार इन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह वर्ष गांधी जी की 150 वीं जयंती का है। गांधी जी ने इस देश में समाज के सबसे नीचे के पायदान पर स्थित व्यक्ति के जीवन स्तर के उन्नयन का सपना देखा था। गांधी जयंती के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ के 17 सतत् विकास के लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी। सभी सदस्यगण प्रदेश सहित अपने-अपने क्षेत्र में सतत् विकास के लक्ष्य के अन्तर्गत गरीबी, पर्यावरण, आर्थिक असमानता, ऊर्जा, शिक्षा, जलवायु परिवर्तन आदि विषयों पर चर्चा कर सकेंगे। साथ ही, वे अपने बहुमूल्य सुझाव भी देंगे।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास के इन लक्ष्यों की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार ने काफी कुछ किया है और बहुत कुछ किया भी जाना है। इसके बारे में सदन में प्रत्येक क्षेत्र की समस्याएं विधायकों के माध्यम से आ सकेंगी। इस बैठक में मंत्रिगण, दलीय नेता व सभी सदस्यगण अपने विचार रखेंगे। जो सदस्य आज तक नहीं बोले हैं, उन्हें भी सतत् विकास से सम्बन्धित अपने क्षेत्र की समस्याओं के विषय में सदन में विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा देश को नया संदेश देगी। इसकी कार्यवाही की बुकलेट लोकसभा सहित सभी विधान सभाओं को भी प्रेषित की जाएगी।


इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री जी की भावनाओं के अनुसार सभी दलीय नेताओं से विशेष सत्र के आयोजन में सहयोग करने की अपील की।


बैठक में नेता विरोधी दल  राम गोविन्द चौधरी, बहुजन समाज पार्टी के नेता  लाल जी वर्मा, कांग्रेस पार्टी के नेता अजय कुमार 'लल्लू', अपना दल (सोनेलाल) के नेता नील रतन सिंह पटेल (नील) एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता  ओम प्रकाश राजभर ने अपने-अपने विचार प्रकट किए सभी दलीय नेताओं ने इस विशेष सत्र पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए प्रत्येक प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे भी उपस्थित रहे।


Popular posts from this blog

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा