जन समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं: केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जन समस्याओं का निस्तारण पूरी गम्भीरता व संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिये हैं। श्री मौर्य बीते सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय-7 कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। केशव प्रसाद मौर्य ने विभिन्न लोगों की समस्याएं उनसे सीधे रू-ब-रू होते हुए सुनी व उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कई जिलों के जिलाधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण के बाबत वार्ता भी की। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण त्वरित गति से किया जाय तथा निर्धारित समयसीमा के अंदर किया जाय। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण त्वरित गति से करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। अधिकारी शासन की प्रतिबद्धताओं व जन आकांक्षाओं के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी। जनता दर्शन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, सड़क, अवैध अतिक्रमण आदि विभिन्न विभागों के प्रकरण आये। उन्होंने सभी मामलों में त्वरित कार्यवाही कर लोगों को न्याय दिलाने के निर्देश दिये। जनता दर्शन में मैनपुरी जनपद के कई लोगों का प्रतिनिधि मण्डल ने उप मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं रखीं। जनता दर्शन में महराजगंज, रायबरेली, चित्रकूट, गाजीपुर, लखनऊ, संत कबीरनगर, अमेठी, इटावा, आजमगढ़, कौशाम्बी, प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, बांदा, शाहजहांपुर आदि जनपदों से आये लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। मैनपुरी से नीरजा देवी ने ग्राम समाज की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, खंजन सिंह ने उनके पुत्र की करंट लगने से हुई मृत्यु पर आर्थिक सहायता दिलाने, गाजीपुर के प्रभुनाथ चैहान ने नहर से सुरहा गांव तक नाली निर्माण कराने, लखनऊ के लाल चन्द्र चुंगानी ने हृदय रोग के इलाज हेतु आर्थिक सहायता दिलाने, संत कबीरनगर के रामपाल ने आवास हेतु ऋण उपलब्ध कराने, अमेठी के सुभाष तिवारी ने जमीन विवाद हल कराने, मैनपुरी के अनुराग पाण्डेय ने ग्राम पंचायत समान रम्पुरा में 8 ग्रामीणों को आवास उपलब्ध कराने, इटावा के खुमान सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने, आजमगढ़ की प्रियंका ने मृतक आश्रित को सेवायोजित करने, मुरादाबाद के मेघराज सोनी ने सी0सी0 सड़क बनवाये जाने, मैनपुरी के शिव प्रताप सिंह ने सड़क मरम्मत कराने, प्रयागराज की सुमन देवी ने अपने पति को डी0आर0डी0ए0 में ए0सी0पी0 का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। इसी तरह अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि नियमानुसार सभी लोगों की समस्याओं का समाधान किया जायेगा।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा