उत्तर प्रदेश में आज़ादी के नारे लगाने पर देश द्रोह का मुकदमा दर्ज होगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

> प्रदर्शन करने वाले पुरुष घरों में रजाई ओढ़े बैठे हैं, वहीं महिलाओं और बच्चों से करा रहे प्रदर्शन: योगी 


कानपुर (का ० उ ० सम्पादन)। भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के द्वारा बीते बुधवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 सीएए के समर्थन में तथा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए एक विशाल जनसभा का आयोजन कानपुर दक्षिण में किदवई नगर स्थित कमर्शियल ग्राउंड में किया गया। जनसभा में मुख्य वक्ता के रूप में आए हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज हम सब लोग मोदी जी और अमित शाह जी को धन्यवाद देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। आज देश आगे बढ़ रहा है और देश की दिशा भी बदल रही है। लेकिन कुछ लोग इस बात से परेशान हैं। हम उनसे कहना चाहते हैं कि देश एक अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है। आप हमारा साथ दें और कमाल की बात यह है कि हम जो भी कर रहे हैं उसके लिए आप हमारा चुनाव 2014 का घोषणा पत्र पढ़े आपको किसी प्रकार का आश्चर्य नहीं होना चाहिए। जैसा हमने जनता से वादा किया था वैसा हम कर रहे हैं और उसी घोषणापत्र के वादों के अनुसार ही जनता ने चुनकर हमको सरकार में भेजा है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी स्थिति मजबूत हुई है यूएन सार्क जी20 इन सब में कोई भी निर्णय ऐसा नहीं है जिसमें भारत का पक्ष जाने बिना नियम बनाए जाते हो या निर्णय लिए जाते हो। आज गरीबों का लाभ इस सरकार के माध्यम से बहुत हुआ है चाहे स्वच्छता अभियान हो चाहे सौभाग्य योजना हो और या उज्जवला योजना। इन सब योजनाओं से उत्तर प्रदेश के भी गरीब लाभान्वित हो रहे हैं। केंद्र की सरकार ने 370 का कलंक भारत से समाप्त किया है और वास्तविकता में कश्मीर को अब एक स्वतंत्रता मिली है। दुनिया में हमारी ताकत बढ़ी है। एनआरसी को लेकर के आज जो कांग्रेस मुस्लिम तुष्टीकरण के कारण इसको नहीं ला पाई उन्हीं के राजीव गांधी ने एनआरसी के प्रस्ताव लाया था। असाम प्रकरण में इस बात का उल्लेख है। हमें यह जानना चाहिए कि सीएए 2019 क्यों लाना पड़ा। हमारा पड़ोसी देश जो मजहबी आधार पर अपने अल्पसंख्यकों को सताता है वह हमारे यहां शरणार्थी के रूप में आए और उनको भारत की नागरिकता देने के लिए यह कानून लाना पड़ा। 1955 में नागरिकता कानून लाया गया था। सीएए उसका संशोधन है। यह सब दल मोदी रोको अभियान चलाने के कारण दुष्प्रचार कर रहे हैं और अब वह भारत का विरोध करने लगे हैं। सीएए 2019 संविधान संशोधन है यह अब नियम बन चुका है और इस नियम को हर राज्य को मानना ही पड़ेगा।


प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने किसानों को सम्मान निधि दी है। आज हमारी केंद्र की सरकार और हम लोग एयरवे, रेलवे और सबवे सब जगह युद्ध स्तर से काम कर रहे हैं। कानपुर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी है पर एक दुर्भाग्य था कि यहां पर गंगा सबसे ज्यादा मैली थी। अब कानपुर में गंगा काफी निर्मल है। मोदी जी को कानपुर से विशेष लगाव है और इसीलिए उन्होंने राष्ट्रीय गंगा परिषद की पहली बैठक कानपुर में ही रखी। आप सबको याद होगा कि उन्होंने चुनाव में कहा था कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है। यूपीए सरकार ने पाकिस्तान की तरफ सदैव नरम रुख रखा और आतंकी घटना होने के बाद भी मुंह तोड़ जवाब नहीं दिया। पर वर्तमान की सरकार में जैसे ही पाकिस्तान और आतंकियों ने भारत में दुस्साहसिक घटनाओं को जन्म दिया मोदी जी ने तुरंत पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को खत्म करने का आदेश दिया। हमने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से मुक्ति दी है। राम मंदिर के आंदोलन के लिए उन्होंने कहा कि 76 से अधिक लड़ाइयां हुई। लाखों हिंदुओं का बलिदान हुआ परंतु कांग्रेस ने कभी भी राम मंदिर बनाने की दिशा में प्रयास नहीं किया और जब हम लोगों ने इसमें कदम आगे बढ़ाया तो कांग्रेस ने जगह-जगह इसका विरोध किया यहां तक कि कांग्रेस के वकील कपिल सिब्बल ने दिन-प्रतिदिन की सुनवाई पर रोक लगाने की भी मांग की। 9 नवंबर 2019 को माननीय न्यायालय द्वारा हमारे पक्ष में निर्णय आया और इस निर्णय के आने में हमने जो कागज उपलब्ध कराएं उनका बड़ा योगदान रहा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने भी कहा था कि शरण में आए हुए की रक्षा करनी चाहिए। सीएए कानून भी शरणार्थियों की रक्षा के लिए ही बनाया गया है हम सब और भारत की जनता इस कानून का समर्थन करती है परंतु कांग्रेस के लिए हिंदू , सिख, जैन, बौद्ध, पारसी, यह कोई मायने नहीं रखते और अब तो कांग्रेसी लोग ईसाईयों का भी विरोध करने लगे हैं तभी वह इस कानून का विरोध कर रहे हैं। अब कांग्रेस में और अन्य विपक्षी दलों में सीधे विरोध करने की ताकत नहीं बची है और यह निचले स्तर पर आ गए हैं। अब इन्होंने महिलाओं और बच्चों को आगे कर दिया है और जब इन धरनों में इन महिलाओं या बच्चों से पूछे तो उन्हें पता ही नहीं होता कि यह कानून क्या है। उन बेचारों को तो मोहरा बनाकर उन्होंने आगे कर दिया है। कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का भी सम्मान नहीं किया और उनकी बातें भी नहीं मानी परंतु भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है नेशन फर्स्ट यानी देश प्रथम। पाकिस्तान में पहले 23% हिंदू थे आज वहां 1% बचे हैं कहां गए वह हिंदू, यह विदेशी ताकतों के इशारे पर कैंडल मार्च निकालने वाले बेशर्म लोग इस पर कुछ कभी क्यों नहीं बोलते। ननकाना साहिब में कीर्तन यात्रा नहीं निकलने दी और सिख का कत्ल भी किया तब भी कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। कश्मीर की तरह आजादी के नारे लगाने वालों को हम देशद्रोही की श्रेणी में ही रखेंगे। लोकतंत्र में धरना होना चाहिए प्रदर्शन होना चाहिए शांतिपूर्ण ढंग से संवैधानिक तरह से विरोध करना चाहिए। लेकिन हिंसा करना सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना तोड़फोड़ करना इसका लोकतंत्र में कोई काम नहीं है और ऐसा करने वालों को उनकी संपत्ति ज़ब्त करा कर इसका भुगतान करना ही पड़ेगा। महर्षि अरविंद क्रांतिकारी थे स्वतंत्रता संग्राम में उनका एक बड़ा योगदान था। बाद में वे पांडिचेरी में ध्यान मग्न हो गए थे। उन्होंने कहा था कि पाप और पुण्य की यह परिभाषा है कि देश के लिए जो काम करें देशभक्ति का काम करने वाला यही पुण्य है और देश का अगर कोई विरोध करें तो वह पाप है। हमारे सामने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का उदाहरण है। विभाजन के समय उन्होंने भारत के साथ रहकर भारत का विकास किया और आगे वह भारत रत्न हुए और उसी समय जोगेंद्र नाथ मंडल ने मुस्लिम लीग का समर्थन किया और पाकिस्तान चले गए वहां के कानून मंत्री भी बने परंतु मात्र 3 वर्ष में उन्होंने वहां की दुर्व्यवस्था को देखकर शरणार्थी के रूप में भारत में शरण ली और उसके बाद गुमनामी की मौत भारत में मरे। 


सीएए का एनआरसी और एनपीआर से कोई लेना-देना ही नहीं है यह कई बार स्पष्ट हो चुका है परंतु कांग्रेस सपा वामपंथी और अन्य विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने वाले एनजीओ भ्रम जाल फैला रहे हैं। इसका निवारण करने के लिए ही हम आज यहां आए हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारे विरोधियों ने राम भक्तों पर गोली चलाई परंतु अब राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो चुका है। एक बात और बता दूं कि बाबा विश्वनाथ के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है और यह सब संभव हुआ है क्योंकि आपने प्रदेश और देश में कमल को खिलाया है। हम लोगों ने बहुत बड़े और कड़े फैसले लिए हैं। सीएए नागरिकता देने की व्यवस्था है नागरिकता लेने की नहीं। वह भी पाकिस्तान बांग्लादेश और अफगानिस्तान में जो धार्मिक आधार पर सताए जा रहे हैं उन शरणार्थियों के लिए यह नागरिकता देने की व्यवस्था है। 370 और 35ए हटने के बाद अब कानपुर के लोग भी कश्मीर में अपनी जमीन खरीद सकते हैं। एनपीआर नेशनल पापुलेशन रजिस्टर पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वह इसको नहीं भरेंगे। मैं उनको ध्यान दिलाना चाहूंगा कि उनके चाचा आजम खान के बेटे ने भी एक फॉर्म भरने में गलती की थी और इस कारण उनकी विधायकी चली गई। इसलिए वह किसी भी प्रकार के फॉर्म भरने में गलती ना करें सभी फॉर्म भरना जरूरी होता है। जनगणना प्रत्येक 10 वर्ष में होती है यह एक सामान्य प्रक्रिया है। केंद्र की है सरकार गोली का जवाब गोले से देना जानती है और इसीलिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। सपा और बसपा लोकसभा चुनाव में एक होकर के लड़े तब भी जनता ने मोदी जी और भाजपा को ही जिताया। प्रियंका जी का नाम तो अब प्रियंका ट्विटर वाड्रा हो जाना चाहिए वह सिर्फ ट्वीट करना जानती हैं और इसी चक्कर में अमेठी हार गई और आगे बची हुई सीट भी वह हार जाएंगी। हमारी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही शून्य से शिखर की ओर है इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को महत्व देना हमारी पार्टी भली भांति जानती हैं। हमने ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को हटाया। राम मंदिर मुद्दे पर लगातार सुनवाई कर उसका समाधान कराया। श्री मौर्य ने सभी लोगों से कहा कि अपना मोबाइल उठाएं और सीएए के समर्थन के लिए 88662 88662 पर मिस्ड कॉल करें।

जनसभा को कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, नीलिमा कटियार, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय आदि ने भी संबोधित किया। मंच पर प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, अशोक कटारिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, डॉ बीना आर्या, सुनील बजाज उपस्थित थे। जनसभा का संचालन प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य ने किया।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा