आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना तत्काल बनायी जाए: केशव प्रसाद मौर्य

卐 उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की।

 

卐 निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश।

 

लखनऊ, 31 जनवरी 2020। उ प्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि विभाग में प्राविधानित बजट के सापेक्ष निर्माण कार्यों को अभियान चलाकर समय से पूरा किया जाय। उन्होंने कहा जो वित्तीय स्वीकृतियां जारी होना अवशेष हैं, 01 फरवरी 2020 से 15 फरवरी 2020 तक अभियान चलाकर सभी अवशेष वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर दी जाएं। उन्होंने निर्गत धनराशि के सापेक्ष व्यय की गयी धनराशि तथा कार्यों की प्रगति की गहन जानकारी हासिल की। श्री मौर्य शुक्रवार को 7 कालीदास मार्ग पर लोक निर्माण विभाग के उच्चस्तर के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रयागराज से वाराणसी तक बनने वाले काँवड़ पथ के बारे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय करके कार्ययोजना को अन्तिम रूप प्रदान करते हुये इसके निर्माण हेतु ठोस व प्रभावी कार्यवाही अतिशीघ्र सुनिश्चित की जाय। श्री मौर्य ने डाॅ एपीजे अब्दूल कलाम गौरव पथ के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन टाॅप-20 छात्रों/छात्राओं के घरों व स्कूलों तक सड़कें किसी और विभाग की बनी हैं और वे सही दशा में नहीं हैं तो उन्हे लोक निर्माण विभाग में हस्तान्तरित कराकर उनका मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा तत्काल पूर्ण कराया जाए। श्री मौर्य ने निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग के ठेकों में पिछड़ा वर्ग/अनुसूचित जाति व सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण प्रदान करने हेतु तत्काल ड्राफ्ट बनाकर प्रस्तुत किया जाए ताकि सक्षम स्तर से इसका अनुमोदन कराया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि मार्गों के किनारे सार्वजनिक स्थलों व धार्मिक स्थलों, विश्रामालय आदि पर मूलभूत सुविधाएं जैसे कुर्सी, बेन्च लगवाने, पानी की व्यवस्था कराने व छाया आदि कि इन्तजाम शीघ्रातिशीघ्र सुनिश्चित किये जाएं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग (मुख्यालय) लखनऊ में मुख्य गेट के पास विश्वेश्वरैया द्वार बनाने हेतु 03 दिन के अन्दर आगणन तैयार कराकर वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान करते हुये धनराशि निर्गत की जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि विभाग में जिन-जिन पदों की डीपीसी की कार्यवाही लम्बित है, उसे तत्काल कराकर पदोन्नति की कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। श्री मौर्य ने 2020 के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्टों व उनकी पूर्ण होने की लक्षित तिथियों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल करते हुये कहा कि इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट हाईवे व प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों से टोल टैक्स लेने की कार्ययोजना अविलम्ब बनाकर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष में लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना भी समय से बनाने के निर्देश दिये। बैठक में प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण, प्रमुख अभियन्ता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष राजीव रतन सिंह, प्रमुख अभियन्ता एस के श्रीवास्तव, उप मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी प्रदीप कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा