सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग करेगा up.mygov.in पोर्टल का निर्माण एवं संचालन

> मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य सरकार के प्रस्तावित अत्याधुनिक और अपडेटेड पोर्टल 'up.mygov.in' का प्रस्तुतीकरण।


> प्रस्तावित पोर्टल पर सोशल मीडिया के उपयोग से जनता के साथ संवाद भी स्थापित किया जाएगा।



लखनऊ (मुख्यमंत्री सूचना परिसर)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष गुरूवार को राज्य सरकार के प्रस्तावित अत्याधुनिक और अपडेटेड पोर्टल up.mygov.in का प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने अवगत कराया कि प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा जनहित की योजनाओं, कार्यक्रमों इत्यादि की अद्यतन प्रगति तथा विभागों से सम्बन्धित अन्य आवश्यक जानकारी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएगी। जनता से सम्बन्धित अन्य आवश्यक सूचनाएं भी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार के लिए वर्तमान में संचालित पोर्टल एक लिंकिंग पोर्टल है, जिसे अब अपडेट करने की आवश्यकता है। प्रस्तावित नये पोर्टल पर सोशल मीडिया के उपयोग से जनता के साथ संवाद भी स्थापित किया जाएगा। पोर्टल की मॉनीटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस अत्याधुनिक पोर्टल का निर्माण और संचालन सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग करेगा। प्रस्तुतीकरण के उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रस्तावित पोर्टल के निर्मित और कार्यशील होने के उपरान्त इस पर सभी विभागों से सूचनाएं संकलित कर अपलोड की जाएं तथा उन्हें लगातार अपडेट किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को सूचनाएं संकलित कर उन्हें पोर्टल पर अपडेट कराने के लिए अपने यहां नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर अपलोडेड सभी सूचनाएं लगातार अपडेट की जाएं। प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्य सचिव आर के तिवारी, प्रमुख सचिव आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार, सूचना निदेशक श्री शिशिर, केन्द्र सरकार द्वारा संचालित 'माई गव' पोर्टल के सीईओ अभिषेक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा