मुख्यमंत्री ने महानगर स्थित कम्युनिटी किचन का किया निरीक्षण



कल्याण मंडप महानगर, लखनऊ में भोजन वितरण के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ व जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश।


लखनऊ (सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां महानगर स्थित कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी, जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कम्युनिटी किचन लॉक डाउन से प्रभावित गरीब और कमजोर वर्गों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन द्वारा संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 14 कम्युनिटी किचन संचालित किये जा रहे हैं। सभी किचन में सोशल डिस्टेंसिंग तथा शत-प्रतिशत स्वच्छता के मानकों का अनुपालन करते हुए भोजन तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम लखनऊ के 32 वाहनों सहित कुल 42 वाहनों के माध्यम से विभिन्न कम्युनिटी किचन में तैयार किया गया भोजन नगर के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर जरूरतमन्दों को वितरित किया जा रहा है। सभी कम्युनिटी किचन में आज 60,000 लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है। कम्युनिटी किचन में तैयार भोजन वितरण के लिए इच्छुक स्वयंसेवी, इस व्यवस्था हेतु नामित नोडल अधिकारियों वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी, लखनऊ (वित्त एवं राजस्व) एवं इन्द्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त लखनऊ के सीयूजी नम्बर पर सम्पर्क कर सकते हैं। अपर जिलाधिकारी लखनऊ (वित्त एवं राजस्व) का सीयूजी नम्बर 9415005004 तथा नगर आयुक्त लखनऊ का सीयूजी नम्बर 9761031974 है। लॉक डाउन अवधि में प्रभावित व्यक्तियों की सहायता के लिए कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से इण्डियन रेड क्रॉस सोसाइटी के खाता संख्या-10863771217, आईएफएससी कोड-SBIN0000125, भारतीय स्टेट बैंक, लखनऊ मेन ब्रान्च, हजरतगंज में सहयोग धनराशि जमा कर सकते हैं।


Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा