प्रियंका चोपड़ा कोरोना वॉरियर महिलाओं की मदद के लिए देंगी 1 लाख डॉलर
मुम्बई। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस ने हाल ही में ऐलान किया था कि वो कोराना महामारी से इस लड़ाई में देश और दुनिया की 10 संस्थाओं को डोनेट कर रहे हैं। दोनों ने पीएम केयर्स फंड में भी डोनेट किया। अब पीसी एक बार फिर मदद को आगे आई हैं, प्रियंका ने बॉन विव नामकी संस्था के साथ कुछ विशेष महिलाओं की मदद की है। प्रियंका और निक जोनस ने उन महिलाओं के समर्थन के लिए एक लाख डॉलर का डोनेशन देने का फैसला लिया है, जो इस महामारी में भी समाज की बेहतरी के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर लगातार काम कर रही हैं। प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट जारी की, जिसमें उन्होने बताया कि वह एक कैंपेन लॉन्च करने वाली थीं, जिसमें वह 4 ऐसी महिलाओं की कहानी शेयर करने वाली थीं जिन्होंने काफी स्ट्रगल के बाद अपने-अपने क्षेत्र में सफलता हासिल की, लेकिन अब उन्होंने इस प्लान को कुछ दिनों के लिए टाल दिया है। फिलहाल वह अपने स्तर पर इस महामारी से लड़ रहे कोरोना वीरों की मदद में लगी हैं। प्रियंका चोपड़ा ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि, हम उन महिलाओं के लिए एक लाख डॉलर दान में दे रहे हैं, जो इस संकट की घड़ी में हर एक मुश्किल से ऊपर उठकर आगे आ रही हैं और समाज की मदद कर रही हैं। अगर आप किसी ऐसी महिला को जानते हैं, जिन्हें हमें सामने लाना चाहिए, तो आप हमारे साथ उनकी कहानी को शेयर करें। चाहे वह सर्विस इंडस्ट्री से हों या बड़ा या छोटा बिजनेस चलाती हों या सामने से आपदा से संबंधित कार्यों से जुड़ी हो। हम उनका अभिनंदन करना चाहते हैं। प्रियंका चोपड़ा और पति निक जोनस इससे पहले पीएम-केयर्स फंड समेत यूनीसेफ, फीडिंग अमेरिका और गूंज जैसे संगठनों को भी डोनेट कर चुके हैं। दोनों ही सेलेब्स ने अपने अपने सोशल मीडिया पर इन संस्थाओं की जानकारी दी और लोगों से भी अपील की, इस कठिन समय में डोनेट करें । प्रियंका और निक की जमकर तारीफ हो रही है। इसके लिए वह कुल 100000 डॉलर यानी 76,52,000 रुपये खर्च करेंगी।