मेजर ध्यानचंद विजय पथ के निर्माण से क्षेत्रीय लोग गौरवान्वित महसूस करेंगे: केशव प्रसाद मौर्य

卐 सड़कों के निर्माण के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए उप मुख्यमंत्री जी ने मेजर ध्यानचंद विजयपथ योजना की शुरुआत की।

 

卐 प्रदेश के 19 राष्ट्रीय / अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के गांव तक बनाए जाने / मरम्मत की जाने वाली सड़कों का उप मुख्यमंत्री ने वर्चुअल शिलान्यास किया।

 

卐 इस अवसर पर खिलाड़ी डा आर पी सिंह और कविता यादव को उप मुख्यमंत्री जी ने अंग वस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

 

卐 प्रदेश स्तर के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के भी घरों तक बनेंगी सड़कें : उप मुख्यमंत्री 

 

卐 स्व चेतन चौहान के नाम से भी एक मुख्य सड़क का नामकरण किया जाएगा : उप मुख्यमंत्री 

 


उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य 28 अगस्त 2020 को लखनऊ के लोक निर्माण विभाग, विश्वेश्वरैया सभागार में मेजर ध्यानचंद विजयपथ योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए। (फोटो : उप मुख्यमंत्री कार्यालय)

 

लखनऊ (सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग)। उत्तर प्रदेश  के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद विजय पथ का शिलान्यास कर जहां खेलों का सम्मान किया जा रहा है, वहीं खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन व प्रोत्साहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार 28  अगस्त 2020 को राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में देश व प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के घरों तक सड़कें बनवाने व उनकी मरम्मत कराये जाने की अभिनव योजना का शुभारम्भ कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित विश्वेश्रैया हाल में कोरोना वायरस महामारी के दृष्टिगत निर्धारित प्रोटोकाल का पालन करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों के 19 खिलाड़ियों के घरों तक बनाए जाने / मरम्मत किये जाने वाली सड़कों का शिलान्यास किया। सम्बन्धित खिलाड़ियों के निवासी जिलों में वेबिनार के जरिये कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें संबंधित खिलाड़ी व जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भविष्य में इसी तरह खिलाड़ियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे। इस तरह के आयोजनों से खेल जगत की उभरती प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी और उनका उत्साहवर्धन भी होगा। खिलाड़ियों के घरों तक जो सड़कें बनाने / मरम्मत कराने योग्य हैं कार्यक्रम में उनका शिलान्यास किया गया। इन सड़़कों में मथुरा के पवन कुमार शर्मा, आशीष गौतम (तलवार बाजी), कु ईशा धनगर, जूडो (अंंडर - 17 व अंडर - 14), वैदेही मिश्रा (जुनियर फेंसिंग प्रतियोगिता) व जीतू गोला (एकल एवं युगल फेंसिंग प्रतियोगिता); शामली के प्रवीन कुमार (क्रिकेटर); मेरठ के रवि कुमार (निशानेबाजी); बागपत के वरुण पहलवान (कुश्ती), कोमल शर्मा व कु तान्या चैधरी (एथलेटिक्स), छवि तोमर (वालीबाल) व तनु राठी (वालीबाल); गाजियाबाद की अकांक्षा बंसल (शूटिंग - एअर पिस्टल); बुलन्दशहर के अभिषेक सिंह (कबड्डी); देवरिया के डा आर पी सिंह (हाॅकी); बाराबंकी की कविता यादव (क्रास कन्ट्री रेस - गोल्ड मेडेलिस्ट); बुलन्दशहर के भुवनेश्वर कुमार (क्रिकेटर), सतीश कुमार (बाक्सिंग) व शान्ति स्वरूप (एशियाई नौकायन) हैं, जिनके गांव तक सड़क बनाई जाएंगी और जहां बनी हैं, वहां सुदृढ़ीकरण कराया जायेगा। इस अवसर पर उपस्थित हॉकी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देवरिया के डा आर पी सिंह और क्रास कंट्री रेस में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बाराबंकी की कविता यादव को उप मुख्यमंत्री जी ने अंग वस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। अपने सारगर्भित, ओजस्वी व प्रेरक उद्बोधन में उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खिलाड़ी हमारे देश का गौरव हैं। इन्होंने अपने नाम के साथ - साथ देश और प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। युवा पीढ़ी को इनसे प्रेरणा मिलती रहे इसलिए इनके नाम की सड़कों का इनके घरों तक निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा इन सड़कों पर अच्छे साइन बोर्ड लगाए जाएंगे जिनपर इन खिलाड़ियों के नाम और उनकी प्रतिभा का सारा विवरण लिखा जाएगा ताकि क्षेत्र के लोग भी उनसे प्रेरणा ले सकें और गौरवान्वित हो सकें। इन सड़कों का नाम मेजर ध्यानचंद विजयपथ रखा जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश स्तर के स्वर्ण पदक प्राप्त खिलाड़ियों के गांव तक भी सड़कें बनवाई जाएंगी। उन्होंने कहा की भारतीय क्रिकेटर व उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में मंत्री रहे स्व चेतन चौहान के नाम से भी एक मुख्य सड़क का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद हिंदुस्तान के दिलों पर राज करते हैं, तो खिलाड़ियों में उनकी जैसी प्रतिभा देश में बहुत बड़ी संख्या में है इसलिए मा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खेलो इंडिया अभियान का शुभारंभ किया गया था। उन्होंने कहा खेलों से शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से व्यक्ति तंदुरुस्त होता है।उन्होंने कहा सरकार खेलों के प्रति बहुत गंभीर है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों / कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह भी खेलों के लिए एक विभागीय टीम बनाएं और नए कीर्तिमान स्थापित करें, इससे अन्य विभागों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल / इंटर के टॉप 20 छात्रों के स्कूलों और घरों तक सड़क बनाए जाने का कार्य अभियान के तौर पर चल रहा है और इस बार सीबीएससी तथा आईसीएससी बोर्ड में भी टॉप 20 छात्रों के घरों तक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ के नाम से सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के सम्मान में भी उनके गांव तक सड़कें बनाई जाएंगी और उन सड़कों का नाम शहीद पथ रखा जाएगा। यही नहीं, उस शहीद के नाम से विजय द्वार भी बनाए जाएंगे, इस कार्य के लिए 30 बलिदानियों की सूची तैयार कर ली गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर्बल रोड बनाने का सराहनीय कार्य किया गया है। प्लास्टिक मार्ग भी बनाए गए हैं। अगले वर्ष खेल दिवस 29 अगस्त 2021 को इन बनाई जाने वाली सड़कों का लोकार्पण होगा और बहुत बड़ी संख्या में सड़कों का शिलान्यास भी किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों का दायित्व बोध कराते हुए श्री मौर्य ने कहा कि उन्हें सड़कें बनाने के साथ - साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना है। कोरोना वायरस संकटकाल को देखते हुए उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी लोग पूरी गंभीरता के साथ और सावधानी के साथ निर्धारित प्रोटोकाल का पालन करें और कोरोना को बढ़ने से रोकने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग राजपाल सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोला सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा