सभी सी.एच.सी., पी.एच.सी. सहित 5 नगरीय पी.एच.सी. व महिला चिकित्सालय में खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन आज

> लाभार्थी को प्रेरित करके अंतरा इंजेक्शन का लाभ दिलवाया जाएगा।

> परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों के प्रति जागरुक किया जाएगा।

दैनिक कानपुर उजाला
उन्नाव। कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तरह शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में समुदाय में परिवार नियोजन संबंधी जागरुकता तथा स्वीकार्यता बढ़ाने को लेकर सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आज 21 जून को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया है। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए सी.एम.ओ. डॉ. कैप्टन आशुतोष कुमार ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को पहले की तरह संचालित किया जा रहा है। परिवार नियोजन एक ऐसा मुद्दा है जिससे आने वाले भविष्य का निर्माण होता है इसलिए समय से परिवार नियोजन की सुविधाओं को जनपद वासियों तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। 21 जून 2021 को जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित 5 नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व जिला महिला चिकित्सालय उन्नाव में खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को गति प्रदान करने के लिए सभी आशा कार्यकर्ता को एक लाभार्थी को प्रेरित करके अंतरा इंजेक्शन का लाभ दिलवाना है। खुशहाल परिवार दिवस के दिन उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं, नवविवाहित दंपत्ति जिनका विवाह 1 वर्ष के अंदर हुआ है, ऐसे दंपत्ति जिनके 3 या 3 से अधिक बच्चे हैं या अन्य दंपत्ति जिनके एक या दो बच्चे हैं, ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाएगी तथा अधिक से अधिक सेवाओं को उपलब्ध कराया जाएगा। खुशहाल परिवार दिवस पर प्रति ब्लॉक 50 अंतरा इंजेक्शन, 10 आई.यू.सी.डी. का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के अंतर्गत परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों के प्रति जागरुक किया जाएगा। इसके अलावा परिवार नियोजन में बास्केट आफ चॉइस साधनों की जानकारी, भ्रांतियों को दूर करने, सेवाओं की उपलब्धता, स्वीकार्यता, प्रोत्साहन राशि आदि की जानकारी देने के साथ ही उन्हें परिवार नियोजन के प्रभावकारी साधनों को अपनाने हेतु जागरुक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए लोगों को मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने, साबुन से हाथ धुलने या सैनिटाइजर का प्रयोग करने का परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ - साथ कोविड वैक्सीनेशन हेतु लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा