मुख्यमंत्री ने डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी 06 जुलाई, 2021 को डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर माल्यार्पण करते हुए।

दैनिक कानपुर उजाला
लखनऊ।
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयन्ती के अवसर पर मंगलवार 06 जुलाई को डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय के परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत माता के महान सपूत, प्रखर राष्ट्र भक्त एवं महान शिक्षाविद थे। डाॅ. मुखर्जी की जयन्ती के अवसर पर आज पूरा राष्ट्र देश के प्रति उनके सेवाओं के लिए स्मरण कर अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ. मुखर्जी भारत की एकता और अखण्डता के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने देश की अखण्डता के लिए अन्तिम सांस तक अपनी लड़ाई जारी रखी तथा इसी के लिए अपना बलिदान भी दे दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने डाॅ. मुखर्जी के सपनों को साकार स्वरूप प्रदान करते हुए 05 अगस्त, 2019 को जम्मू और कश्मीर में धारा 370 को समाप्त कर दिया। आज जम्मू और कश्मीर विकास की एक नई उमंग के साथ देश में शान्ति और सौहार्द के एक नये युग की ओर आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ. मुखर्जी देश में सबसे कम उम्र में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने देश को एक नई दिशा प्रदान की थी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में डाॅ. मुखर्जी ने देश को एक विजन दिया था। उनकी दूरदर्शिता के कारण ही देश में औद्योगिक विकास की गति दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डाॅ. मुखर्जी का देश के विकास, भारत की एकता और अखण्डता तथा शिक्षा के क्षेत्र में प्रमुख योगदान है। उन्होंने डाॅ. मुखर्जी की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें प्रदेश वासियों की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डाॅ. मुखर्जी के सपनों का भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में "एक भारत श्रेष्ठ भारत" के रूप में आज दुनिया के सामने एक नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। इस अवसर पर जलशक्ति और बाढ़ नियंत्रण मंत्री डाॅ. महेंद्र सिंह, विधायी और न्याय मंत्री बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, महिला कल्याण एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Popular posts from this blog

उ प्र सहकारी संग्रह निधि और अमीन तथा अन्य कर्मचारी सेवा (चतुर्थ संशोधन) नियमावली, 2020 प्रख्यापित

उ0प्र0 सरकारी सेवक (पदोन्नति द्वारा भर्ती के लिए मानदण्ड) (चतुर्थ संशोधन) नियमावली-2019 के प्रख्यापन को मंजूरी

कोतवाली में मादा बंदर ने जन्मा बच्चा